बरेली। जिले में दिवाली के त्योहार से पहले सड़क और गलियों को बेहतर बनाने की तैयारी तेज हो गई है। नगर निगम द्वारा ख़राब सड़कों और ख़राब स्ट्रीट लाइटें दुबारा दुरुस्त कराई जाएगी।
इस योजना के लिए नगर निगम की ओर से 200 करोड़ रूपये लागत तय की गई है। जिसमें 300 सड़कों को गड्ढामुक्त करने और 500 खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया जाएगा। शहरवासियों को दिवाली के त्योहार में सड़कों पर रोशनी जगमगाती नजर आएगी।
सीएम ग्रिड, राज्य वित्त बजट से होगा कार्य
नगर निगम द्वारा शहर की खराब सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। जिसके लिए सीएम ग्रिड, 15वां वित्त, अवस्थापना, नगर निगम निधि और राज्य वित्त के बजट का उपयोग किया जाएगा। यह कार्य दिवाली से पहले सुचारू रूप से पूर्ण किया जाएगा। ताकि दिवाली के समय शहरवासियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
सड़क मरम्मत के साथ ही सफाई व्यवस्था पर नजर
दिवाली के त्यौहार पर सड़क मरम्मत और स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के साथ ही शहर में साफ सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्र और सार्वजनिक स्थलों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम द्वारा कूड़ा उठाने वाले वाहनों पर भी निगरानी रखी जाएगी।
फिलहाल, बरेली में दिवाली से पहले कई सड़कों को गड्ढामुक्त देखा जा सकेगा, साथ ही स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के बाद राहगीरों को राहत भी मिलेगी।

