लखनऊ: उत्तर प्रदेश और जापान के बीच संबंधों को मजबूत करने की दिशा में चल रहे UP-Japan Investment Meet 2026 के बीच शुक्रवार को लखनऊ में एक खास संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान के यामानाशी प्रांत से आए छात्रों और लखनऊ के छात्रों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की। यह कार्यक्रम ‘A Dialogue with the Future’ के तहत आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में जापान के यामानाशी प्रांत से आए 13 छात्र और फैकल्टी सदस्य शामिल हुए। उनके साथ लखनऊ के विभिन्न स्कूलों के छात्र भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और जापान की युवा पीढ़ी को एक-दूसरे की संस्कृति, विचारों और मूल्यों से जोड़ना रहा।

‘यह सिर्फ छात्रों की मुलाकात नहीं, दो संस्कृतियों का मिलन’ सीएम योगी आदित्यनाथ ने जापानी छात्रों का स्वागत करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत जापानी अभिवादन ‘ओहायो गोजाइमासु’ से की। उन्होंने कहा कि यह केवल छात्रों की मुलाकात नहीं है, बल्कि भारत और जापान की दो संस्कृतियों, दो परंपराओं और दोनों देशों की युवा पीढ़ियों का मिलन है।
मुख्यमंत्री ने भारत और जापान के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग को नई पीढ़ी के स्तर पर भी मजबूत करने की जरूरत है।

