दिवाली का त्यौहार नजदीक आने के साथ ही शहर में पटाखे की अस्थाई दुकानें लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। लेकिन इस बार लाइसेंस जारी होने में देरी के कारण पटाखा कारोबारियो की चिंता बढ़ गई है।
दिवाली के त्योहार के लिए आज से करीब एक सप्ताह का समय बचा है। इसके बावजूद अस्थाई पटाखा बाजारों के लिए लाइसेंस जारी नहीं किए गए हैं। ऐसे में दुकानदारों के सामने दुकान लगाने और कारोबार शुरू करने को लेकर समस्या खड़ी हो चुकी है।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर कारोबारियों ने उठाई मांग
अस्थाई पटाखा बाजार में दुकान लगाने वाले कारोबारी शुक्रवार को अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से लाइसेंस प्रक्रिया जल्दी पूरी करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल्द ही यदि अनुमति नहीं मिलेगी तो कारोबारियों का काफी नुकसान होगा। प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण वे अपनी योजना भी नहीं बना पा रहे हैं।
एमबी इंटर कॉलेज में दुकानों की संख्या घटने की चर्चा
करोबारियों के अनुसार, इस बार एमबी इंटर कॉलेज में अस्थायी दुकानों के लिए केवल 15 दुकानों की अनुमति की बात कही गई है। जबकि पिछले वर्षों में 40 से अधिक दुकानें लगा करती थी। ऐसे में पुराने दुकानदारों को जगह मिलने में परेशानी हो सकती है।
नए नियमों के तहत होगी दुकानों की संख्या
इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा ने बताया है कि नए नियमों के अनुसार मैदान के क्षेत्रफल के आधार पर अस्थाई दुकानों की संख्या निर्धारित की जाएगी। अभी यह तय नहीं हुआ है कि किस मैदान में कितनी दुकानें लगाई जाएगी। इस सम्बन्ध में उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन और निर्देशों के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।

