बरेली। उत्तर प्रदेश की जनसुनवाई समाधान प्रणाली (IGRS) की रैंकिंग में बरेली रेंज ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। जनसुनवाई समाधान प्रणाली (IGRS) की रैंकिंग में बरेली रेंज ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जन शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में रेंज के पुलिस अधिकारियों और थानों के प्रदर्शन को बेहतर माना गया है।
जुलाई 2026 की रैंकिंग में बरेली रेंज के बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत जिलों के थानों ने बेहतर काम किया। रेंज के कुल 85 थानों ने संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इनमें बरेली के 28, बदायूं के 20, शाहजहांपुर के 21 और पीलीभीत के 16 थाने शामिल रहे।
आम जनता की शिकायतों के नियमित समीक्षा
IGRS के जरिए आम लोगों की ओर से दर्ज कराई जाने वाली शिकायतों की शासन स्तर पर नियमित समीक्षा की जाती है। शिकायतों का निस्तारण कितनी जल्दी हुआ, कार्रवाई कितनी प्रभावी रही और शिकायतकर्ता को समाधान मिला या नहीं, जैसे पहलुओं के आधार पर प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है। बरेली रेंज की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पहले भी रेंज कई बार IGRS रैंकिंग में प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल कर चुकी है। अप्रैल 2026 की रैंकिंग में भी बरेली रेंज के साथ चारों जिलों को पहली रैंक मिली थी और उस समय रेंज के 89 थानों ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया था।
रैंकिंग पुलिस विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि
अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रदर्शन के पीछे शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग, थाना स्तर पर जवाबदेही और समय सीमा के भीतर कार्रवाई पर जोर प्रमुख कारण हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले IGRS कर्मियों को सम्मानित किए जाने की भी बात सामने आई है। बरेली रेंज की लगातार बेहतर IGRS रैंकिंग पुलिस विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
वहीं, अधिकारियों ने संकेत दिया है कि जिन थानों या जिलों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा, उनके काम की समीक्षा कर सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।

