बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार ने बरेली, मुरादाबाद और लखनऊ मंडल को बड़े डेयरी हब के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बरेली में आयोजित डेयरी कॉन्क्लेव में बताया कि सरकार का फोकस सिर्फ दूध उत्पादन बढ़ाने पर नहीं, बल्कि दूध की प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन, कोल्ड चेन और डेयरी उद्योग की पूरी वैल्यू चेन मजबूत करने पर है।
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के तहत तीनों मंडलों में करीब 6,947 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं। इन परियोजनाओं से लगभग 11 हजार रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। सरकार के मुताबिक योजना से किसानों और पशुपालकों को दूध का बेहतर बाजार और कीमत मिल सकती है। वहीं युवाओं और महिलाओं के लिए डेयरी से जुड़े रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत भी पशुपालकों को अनुदान और सहायता दी जा रही है। गांवों में दुग्ध विकास समितियों को मजबूत करने और आधुनिक तकनीक के जरिए दूध संग्रह व प्रसंस्करण व्यवस्था बेहतर करने पर जोर है। यानी आने वाले समय में बरेली समेत इन तीनों मंडलों में दूध उत्पादन से लेकर डेयरी प्रोडक्ट की प्रोसेसिंग और मार्केटिंग तक बड़ा नेटवर्क विकसित करने की तैयारी है।


