UP NEWES: रक्षाबंधन के त्योहार पर उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए योगी सरकार ने बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि रक्षाबंधन के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। उनके साथ एक साथी को भी मुफ्त यात्रा की अनुमति होगी।
27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक मुफ्त सफर
सरकार के निर्देश के मुताबिक यह सुविधा 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक लागू रहेगी। इसका उद्देश्य रक्षाबंधन के मौके पर अपने भाइयों के घर जाने वाली महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है। रक्षाबंधन इस साल 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। ऐसे में बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और भाइयों के घर जाने के लिए यात्रा करेंगी। सरकार का मानना है कि मुफ्त बस यात्रा से त्योहार के दौरान महिलाओं को आर्थिक राहत मिलने के साथ उनकी आवाजाही भी आसान होगी।
महिला सुरक्षा पर भी विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने केवल मुफ्त यात्रा तक ही व्यवस्था सीमित नहीं रखी है। रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर रखने और पुलिस-प्रशासन के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए भी कहा गया है। मुख्यमंत्री ने बस चालकों की स्क्रीनिंग और निगरानी पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। नशे की हालत में किसी चालक को बस चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही निजी बस चालकों के सत्यापन और ऑटो-टैक्सी चालकों की जांच पर भी जोर दिया गया है।
रक्षाबंधन पर बढ़ेगा बसों का संचालन
रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए परिवहन विभाग ने अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी भी की है। इससे प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। सरकार की कोशिश है कि त्योहार के दौरान बस अड्डों और प्रमुख रूटों पर यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। परिवहन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
UP Free Bus Service for Women: सरकार की यह व्यवस्था महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। रक्षाबंधन के मौके पर मुफ्त बस यात्रा के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर भी सरकार का विशेष फोकस है।

