बरेली। रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को रोडवेज बसों में 27 अगस्त की सुबह से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने बसों के संचालन और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं।
बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं डिपो में 100 बसें आरक्षित की गई हैं। सभी प्रमुख मार्गों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक बस सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। रक्षाबंधन के दौरान बस अड्डों पर अव्यवस्था रोकने के लिए CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुराने बस अड्डे पर 11 और सेटेलाइट बस अड्डे पर 8 CCTV कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी।
इसके अलावा पुराने और सेटेलाइट बस अड्डे पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जहां से बसों के संचालन पर नजर रखी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक बुधवार से सभी निर्धारित रूटों पर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। मुफ्त यात्रा करने वाली बहनों को बस में शून्य मूल्य का टिकट दिया जाएगा। ई-टिकट मशीनों में मुफ्त यात्रा शुरू होने से पहले इसकी फीडिंग कर दी जाएगी।


