बरेली में दो दिन गर्मी और उमस का जोर, 31 अगस्त से बदलेगा मौसम; सितंबर में भारी बारिश के आसार

Surbhi Saxena
3 Min Read
WhatsApp Image 2026 08 29 at 11.18.23

Bareilly Weather: रक्षाबंधन के दौरान बारिश के बाद बरेली के लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन अब मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। अगले दो दिनों तक जिले में धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। हालांकि, सितंबर की शुरुआत के साथ बारिश का दौर दोबारा सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटे में बरेली में करीब 12.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट देखने को मिली।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य तापमान से करीब 1.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात में हुई बारिश से मौसम कुछ ठंडा हुआ, लेकिन दिन चढ़ने के साथ उमस ने लोगों को परेशान किया। दो दिन धूप और उमस से बढ़ेगी परेशानी मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल बरेली में बारिश के लिए परिस्थितियां बहुत अनुकूल नहीं हैं।

उच्च वायुदाब के कारण अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं। इसके चलते 29 और 30 अगस्त को धूप के साथ उमस बनी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में बादल छाने या हल्की बूंदाबांदी की संभावना से भी पूरी तरह इनकार नहीं किया गया है। शुक्रवार सुबह बरेली में बादल छाए थे, लेकिन करीब दस बजे के बाद आसमान साफ होने लगा और धूप निकल आई। धूप के साथ वातावरण में नमी अधिक होने के कारण लोगों को सामान्य तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस हुई।

31 अगस्त से फिर बदल सकता है मौसम

विशेषज्ञों के मुताबिक 31 अगस्त की शाम से बरेली के मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ गरज-चमक और बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। इसके बाद सितंबर के शुरुआती दिनों में मानसून के और सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 2 और 3 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। ऐसे में सितंबर की शुरुआत बरेली के लिए एक बार फिर बारिश वाली हो सकती है। IMD के स्थानीय पूर्वानुमान में भी 2 और 3 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी दर्ज है।

बारिश के दौरान सावधानी जरूरी

बारिश शुरू होने के बाद लोगों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। जलभराव वाले रास्तों पर अनावश्यक आवाजाही से बचना बेहतर होगा। बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से भी बचना चाहिए। बारिश और बदलते मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। ज्यादा देर तक भीगने से सर्दी-जुकाम और बुखार जैसी परेशानी हो सकती है। स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *