बरेली। शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बढ़ावा देने की दिशा में रोडवेज ने एक और कदम उठाया है। पुराने रोडवेज बस अड्डे पर ई-बस चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रस्तावित चार्जिंग स्टेशन पर एक समय में करीब 15 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
बरेली परिक्षेत्र के लिए 30 ई-बसों के आवंटन को मंजूरी मिलने के बाद यह व्यवस्था तैयार की जा रही है। योजना के तहत जल्द ही जंक्शन समेत अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी ई-वाहन चार्जिंग की सुविधा विकसित किए जाने की बात सामने आई है। वर्तमान में शहर में सिटी बस सेवा के तहत 25 ई-बसों का संचालन किया जा रहा है।
रोडवेज के बेड़े में डीजल बसों की जगह धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने की प्रक्रिया भी चल रही है। पहले चरण में बरेली परिक्षेत्र को 30 ई-बसें मिलने की बात कही गई है। इसके लिए रूट तय कर सूची मुख्यालय भेजी जा चुकी है। इसके अलावा मुरादाबाद और बरेली जंक्शन पर ई-वाहन चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने की योजना है।
इज्जतनगर मंडल ने भी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर चार्जिंग स्टेशन विकसित करने की दिशा में काम शुरू किया है। रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक, पुराने रोडवेज बस अड्डे पर बन रहा चार्जिंग स्टेशन ई-बसों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
साल के अंत तक बरेली परिक्षेत्र को 30 ई-बसें मिलने की योजना बताई गई है।

