बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के लाल फाटक स्थित अभयपुर कैंप में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। घटना एमपी सिंह स्कूल के पास की बताई जा रही है। चोरी की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य 24 सितंबर को सुभाष नगर स्थित अपने दूसरे मकान पर गए थे। अगले दिन 25 सितंबर की सुबह करीब सात बजे जब वे वापस लौटे तो घर के ताले टूटे मिले। अंदर जाने पर दोनों कमरों का सामान अस्त-व्यस्त था और अलमारी भी खुली हुई थी।
अलमारी से जेवर और नकदी गायब
परिजनों के अनुसार, जांच करने पर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब मिली। परिवार की बहू अंजलि पत्नी शिवम कुमार ने बताया कि उनकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। शादी में मिले जेवर अलमारी में रखे थे। इसके अलावा बच्चे के कुछ जेवर और करीब 15 हजार रुपये नकद भी घर में रखे थे, जो चोरी हो गए।
वहीं सोनम पत्नी रंजीत ने बताया कि घर में करीब 25 से 30 हजार रुपये नकद, बेटी के कुछ जेवर और उनके खुद के जेवर रखे हुए थे। उनके मुताबिक, बेटी के इलाज के लिए जरूरत पड़ने पर इन्हीं जेवरों को गिरवी रखकर पैसे जुटाए जाते थे। चोरी के बाद परिवार के सामने आर्थिक परेशानी बढ़ गई है।
बाइक ले जाने की भी कोशिश
परिजनों के मुताबिक, चोरों ने घर में चोरी करने के बाद मोटरसाइकिल ले जाने की भी कोशिश की। हालांकि, सड़क पर लगे एक मकान के सीसीटीवी कैमरे पर नजर पड़ने के बाद चोर बाइक सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। कॉलोनी के अधिकांश मकानों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और घटना के खुलासे के प्रयास में जुटी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द चोरों का पता लगाकर चोरी गए जेवर और नकदी बरामद कराने की मांग की है।

