बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 की मतगणना को देखते हुए 27 अक्टूबर को जिले में शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। जिला प्रशासन ने मतगणना के दिन शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने 27 अक्टूबर को शुष्क दिवस घोषित करते हुए शराब की बिक्री, आपूर्ति और उपभोग पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
यह आदेश जिले में संचालित देशी शराब की दुकानों के साथ कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, बार और थोक अनुज्ञापनों पर भी लागू होगा।
इसके अलावा सैन्य एवं अर्द्धसैनिक कैंटीन, सीएसडी डिपो, मदिरा उत्पादक इकाइयों और आसवनियों से भी शराब की बिक्री व आपूर्ति बंद रहेगी। प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

