उत्तर प्रदेश में योगी सरकार द्वारा पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बड़ी घोषणा की गई। इस अवसर पर सीएम योगी ने पुलिसकर्मियों को तीन भत्तों में बढ़ोत्तरी का तोहफा दिया।
इन तीन भत्तों में फील्ड ड्यूटी करने वाले उपनिरीक्षकों और निरीक्षकों, पीपीएस अधिकारियों, फील्ड ड्यूटी पर तैनात आरक्षियों व मुख्य आरक्षियों के भत्तों को बढ़ाया गया है।
यूपी के छह शहीद पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि
रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस समारोह में सीएम योगी ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम योगी ने कहा कि बीते वर्ष देशभर में 154 पुलिसकर्मी शहीद हुए। इनमें उप निरीक्षक सत्यभान सिंह, उप निरीक्षित मोहित कुमार यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार, आरक्षी अशोक कुमार, फायर सर्विस चालक शीशपाल सिंह, फायरमैन रोहित कुमार शामिल हैं।
मोटरसाइकिल, वर्दी और मोबाइल भत्ता बढ़ाया गया
योगी सरकार द्वारा उप निरीक्षकों और निरीक्षकों का मोटरसाइकिल भत्ता 700 से 1000 रुपए किया गया। पीपीएस अधिकारियों का वर्दी भत्ता 6400 से 15000 किया गया। फील्ड ड्यूटी पर तैनात आरक्षियों व मुख्य आरक्षियों का सिम भत्ता 2500 रुपए तक किया गया। इन तीनों भत्तों में वृद्धि की घोषणा इस समारोह में की गई।
“लोग परिवार के साथ खुशियां मनाते, पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी निभाते”
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस कर्मियों की जिम्मेदारी को सराहा। उन्होंने कहा कि जब आम जनता अपने परिवार के साथ त्योहार पर खुशियां मना रही होती है तब पुलिसकर्मी सुरक्षा के लिए तैनात रहते हैं। उत्तर प्रदेश में कानून अब उच्च स्तर पर काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस व्यवस्था पर भी नजर डालते हुए बताया कि फिलहाल सात बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली सुचारू की गई है।

