बरेली। सिंचाई विभाग के कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और विभिन्न मांगो को लेकर सिंचाई संघ, उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा बरेली ने 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। संघ ने विभागीय प्रशासन से सींचपाल, नलकूप चालक और सींच पर्यवेक्षक संवर्ग से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के साथ भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
30 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संगिनी कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए विभाग के करीब 70 वर्ष पुराने सेवा नियमों में संशोधन की आवश्यकता जताई है। पदाधिकारी का कहना है कि समय के साथ विभागीय कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। लेकिन सेवा नियमों में आवश्यक सुधार नहीं होने से कई समस्याएं बनी हुई है।
नलकूप चालकों के रिक्त पद भरने, नए पद सृजित करने की मांग
संघ के मांग पत्र में नलकूप चालकों के 12,700 रिक्त पदों को भरने की मांग शामिल हैं। इसके साथ ही विभाग में लगभग 27000 नए पद सृजित करने की मांग उठाई गई है। इसके अलावा, वेतन संबंधित मांगो में पांच वर्ष की संतोषजनक सेव पूरी करने वाले नलकूप चालकों को 2,400 रुपये ग्रेड वेतन देने की मांग की गई है। इसके अलावा, सींचपाल, नलकूप चालक और सींच प्रवेक्षक तीनों संवर्गों की वेतन विसंगतियां को दूर करने की मांग रखी गई है।
ज्ञापन में कर्मचारियों को नलकूपों, चौकियों और अन्य विभाग के कार्यों का अनावश्यक अतिरिक्त प्रभार दिये जाने का मुद्दा भी शामिल किया गया है। संघ ने मांग की है कि कर्मचारियों को उनकी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार ही कार्य सौंपे जाए। साथ ही तीनों संवर्गों के कर्मचारियों को मोटरसाइकिल भत्ता देने की मांग की गई है।
सिंचाई संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि विभागीय प्रशासन 12 सूत्रीय मांगपत्र पर गंभीरता से विचार करेगा।

