बरेली। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना की पहल शुरू की गई है। जिसके जरिए पीलीभीत बाईपास पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की संभावना है।
इस परियोजना में बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा 62.83 करोड़ रूपये खर्च करने की पहल है। बताया जा रहा है कि यह परियोजना काफी लंबे समय से अटकी हुई थी। इस योजना को अब लोक निर्माण विभाग की NOS मिलने के बाद आगे बढ़ने का अवसर मिल चुका है।
दो चरणों में होगा सड़क का निर्माण
सड़क चौड़ीकरण की इस परियोजना को दो भागों में बांटा गया है। पहले पैकेज में बैरियर नंबर -2 से सुरेश शर्मा नगर चौराहे तक 3.50 किलोमीटर सड़क को सिक्सलेन बनाया जाएगा। इस हिस्से पर करीब 30.42 करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे।
दूसरे पैकेज में सुरेश शर्मा नगर चौराहे से सेटेलाइट बस अड्डे तक 3.92 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस हिस्से का निर्माण 32.41 करोड़ रूपये खर्च होने का अनुमान है।
परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया भी शुरू की गई है। जानकारी के अनुसार, टेंडर जमा करने की अंतिम तारीख 13 नवंबर 2026 रखी गई है। 16 नवंबर को निविदाएं खोली जानी हैं।
जाम और धूल से लोगों को मिलेगी राहत
सेटेलाइट बस अड्डे से बैरियर -2 तक का मार्ग शहर के प्रमुख व्यस्त रास्तों में शामिल है। इस सड़क पर वाहनो का दवाब अधिक रहने के कारण दिनभर कई बार जाम की स्थिति बनती है। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से यातायात को सुचारु बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

