बरेली : बरेली के प्रेमनगर इलाके से एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। शराफत मियां की दरगाह के पास एक मकान की मरम्मत के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मकान की दीवार की मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान दीवार के पास से गुजर रहे बिजली के तारों की चपेट में मजदूर आ गया और करंट लगने के बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
हादसा होते ही मकान मालकिन महक सवा और उनकी बहन गुलरेश मजदूर को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मजदूर की पहचान करने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जेब से न तो मोबाइल फोन मिला और न ही कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज।
ऐसे में पुलिस उसकी पहचान नहीं कर सकी और शव को अज्ञात के रूप में जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। पुलिस अब मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही है। यह हादसा एक बार फिर बताता है कि निर्माण और मरम्मत के काम के दौरान बिजली के तारों के आसपास सुरक्षा कितनी जरूरी है।

