बरेली: बरेली में रुपये के विवाद को लेकर 50 साल के एक व्यक्ति के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग डालचन्द्र को जबरन कार में बैठाकर पीलीभीत ले गए। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से कार की लोकेशन ट्रेस की और पीछा शुरू किया।
घटना 9 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुई। प्रत्यक्षदर्शी गोवर्धन ने पुलिस को सूचना दी और कार का नंबर भी बताया। लोकेशन पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र में मिली।
पुलिस टीम वहां पहुंची तो आरोपी अमरिया नहर के पास डालचन्द्र को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर मेडिकल कराया।इसके बाद मुखबिर की सूचना पर कलारी नहर के पास दबिश देकर लकी उर्फ भजनलाल, लक्ष्मण और जानकी प्रसाद को गिरफ्तार किया गया।
वारदात में इस्तेमाल नीले रंग की वैन्यू कार भी बरामद हुई।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि डालचन्द्र पर उनकी रिश्तेदार के रुपये बकाया थे और इसी विवाद में वे नाराज थे। आरोप है कि रास्ते में डालचन्द्र के साथ मारपीट भी की गई।

