बरेली में बरसे बदरा तो खिल उठे चेहरे, निचले इलाकों में जलभराव बना आफत

Surbhi Saxena
2 Min Read
WhatsApp Image 2026 09 06 at 16.09.34

बरेली। जिले में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और इसके बाद कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। लगातार हो रही बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। तापमान में भी गिरावट महसूस की गई।

लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए बारिश राहत लेकर आई। कई लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए, जबकि सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अगले 24 घंटे में तेज बारिश की आशंका

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में अगले 24 घंटे में तेज बारिश के आसार बताए जा रहे हैं। बिजली की चमक और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ कई इलाकों में तेज बारिश होगी। इसके बाद कुछ मौसम साफ देखा जा सकता है।  इससे पहले भी मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकस्मिक बाढ़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी थी। बरेली भी संभावित बारिश वाले जिलों में शामिल रहा है।

किसानों के लिए बारिश बनी राहत

बारिश का असर खेती पर भी देखने को मिल रहा है। जिन क्षेत्रों में बारिश की कमी बनी हुई थी, वहां यह पानी फसलों के लिए उपयोगी माना जा रहा है। हालांकि लगातार तेज बारिश होने पर खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान का खतरा भी बढ़ सकता है।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

बारिश के दौरान लोगों को जलभराव वाले रास्तों से बचने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना भी जरूरी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *