UP Rain: बरेली में बारिश का रेड अलर्ट! टूटे सभी रिकॉर्ड, जलभराव से हालत हुए गभीर

Surbhi Saxena
4 Min Read
WhatsApp Image 2026 09 07 at 11.00.04

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर बेहद सक्रिय हो गया है। पश्चिमी यूपी और रुहेलखंड के कई जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बरेली और शाहजहांपुर में बारिश ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

मौसम विभाग ने सोमवार, 7 सितंबर को भी प्रदेश के चार जिलों में बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

बरेली में बारिश ने बनाया नया रिकॉर्ड

बरेली में रविवार से सोमवार के बीच हुई बारिश ने मौसम के पुराने आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया। पिछले 24 घंटे में यहां 381 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। यह बरेली में एक दिन के दौरान दर्ज की गई अब तक की सबसे अधिक बारिश बताई जा रही है। इससे पहले वर्ष 2005 में एक दिन में 267 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। यानी इस बार बारिश का आंकड़ा पुराने रिकॉर्ड से काफी ऊपर पहुंच गया। रविवार को बरेली शहर में करीब 10 घंटे तक रुक-रुककर बारिश होती रही। दोपहर के समय बारिश की तीव्रता काफी अधिक रही। लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। राजेंद्र नगर समेत कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

शाहजहांपुर में भी हालात गंभीर

शाहजहांपुर में भी बारिश का असर व्यापक रहा। यहां 24 घंटे के दौरान करीब 227 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। शनिवार शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला सोमवार तक जारी रहा। रविवार शाम मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। बारिश का असर रेलवे व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन की रेलवे लाइन पर पानी भरने की स्थिति बनी और कई जगह पटरियां पानी में डूबती नजर आईं। शहर के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।

चार जिलों में रेड अलर्ट, लोगों को सावधानी की सलाह

मौसम विभाग ने सोमवार को बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार मध्य और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। बलिया, रायबरेली, देवरिया, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। लगातार भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने भी एहतियाती कदम उठाए हैं। बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और अन्य प्रभावित जिलों में स्कूलों को बंद रखने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को जलभराव वाले रास्तों से बचने, बिजली के खंभों और खुले तारों से दूरी बनाए रखने तथा बहुत जरूरी न होने पर घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। अगले कुछ घंटों में बारिश की स्थिति और गंभीर हो सकती है, इसलिए स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखना जरूरी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *