Bareilly News: बरेली में गणेश विसर्जन को लेकर तीन दिन ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

Surbhi Saxena
3 Min Read
WhatsApp Image 2026 09 18 at 10.01.30

बरेली। गणेश प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए बरेली शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। रामगंगा नदी में होने वाले प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ और जुलूसों के चलते यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए 18 से 20 सितंबर 2026 तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। इस दौरान कई प्रमुख रास्तों से भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा।

पुलिस की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार 18 सितंबर की सुबह 6 बजे से 20 सितंबर की रात 8 बजे तक भारी वाहनों के लिए डायवर्जन प्रभावी रहेगा। शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले रूट की स्थिति को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

इन स्थानों से भारी वाहनों पर रोक

शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को परसाखेड़ा रोड नंबर-1, विल्वा, विलयधाम, लालपुर कट, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, सेटेलाइट तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा की ओर प्रतिबंधित किया गया है। इन मार्गों पर यातायात का दबाव कम रखने के लिए वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला जाएगा।

दिल्ली, रामपुर और नैनीताल की ओर से आने वालों के लिए रूट दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से बरेली आने वाले भारी वाहनों को झुमका तिराहा से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र रोड नंबर-1 और आगे बड़े बाईपास के रास्ते इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक जाने की अनुमति रहेगी। वहीं लखनऊ की तरफ जाने वाले भारी वाहनों के लिए झुमका तिराहा, विल्वा, विलयधाम और इन्वर्टिस तिराहा वाला मार्ग निर्धारित किया गया है।

बदायूं जाने वाले वाहनों के लिए भी बदला रास्ता

बरेली से बदायूं जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर और दातागंज होते हुए आगे जा सकेंगे। इसी तरह बदायूं से बरेली आने वाले भारी वाहनों को देवचरा चौराहा, दातागंज, फरीदपुर और बड़ा बाईपास के रास्ते बरेली ट्रांसपोर्ट नगर तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है।

पुलिस के मुताबिक देवचरा चौराहा, बुखारा मोड़ और चौपला पुल से रामगंगा की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। गणेश प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने अधिकारियों को विसर्जन मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

प्रतिमा स्थलों पर पुलिस की शिफ्टवार तैनाती और जुलूसों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गणेश विसर्जन के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *