बरेली। आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों के नाम ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने 2500 रुपये प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने की मांग की है।
संगठन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को मानदेय में शामिल किया जाए, ताकि उन्हें नियमित रूप से आर्थिक लाभ मिल सके। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, मोबाइल रिचार्ज और अन्य कार्य व्यवस्थाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई।
ज्ञापन में संगठन ने सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।

