बरेली में सेवा संकल्प अभियान पर दीपोत्सव, स्टेडियम में 2 हजार और अटल आवासीय विद्यालय में जले 3300 दीप

Surbhi Saxena
3 Min Read
WhatsApp Image 2026 09 18 at 13.57.44

बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बरेली में भी विभिन्न कार्यक्रमों के साथ अभियान की शुरुआत हुई। स्टेडियम में करीब 2 हजार दीप जलाए गए, जबकि अटल आवासीय विद्यालय में 3300 दीपों से दीपोत्सव मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में लेजर शो का भी आयोजन किया गया।

सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य

जनभागीदारी के जरिए सेवा, सामाजिक सहभागिता और विकास से जुड़े कार्यों को लोगों तक पहुंचाना है। बरेली में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान सफाई, जनजागरूकता, सामाजिक सहभागिता और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

दीपों से जगमगाए सरकारी परिसर

अभियान के पहले दिन सरकारी भवनों और प्रमुख स्थानों पर दीपदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकास भवन परिसर को फूलों और रंगोली से सजाया गया था, जहां शाम सात बजे दीपदान का कार्यक्रम रखा गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यक्रम की जिम्मेदारियां पहले ही सौंप दी गई थीं। स्टेडियम में बड़ी संख्या में दीप जलाकर सेवा संकल्प अभियान का संदेश दिया गया। इसके अलावा अटल आवासीय विद्यालय में 3300 दीप जलाए जाने से पूरा परिसर रोशनी से नहा उठा। कलेक्ट्रेट में आयोजित लेजर शो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

एक महीने तक चलेंगे कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के दौरान बरेली शहर के वार्डों से लेकर स्कूल, अस्पताल और धार्मिक स्थलों तक अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। नगर निगम की ओर से सफाई अभियान, श्रमदान और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है। सड़क, सफाई और स्वास्थ्य से जुड़ी स्थानीय समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान की दिशा में भी काम किया जाएगा।

अभियान में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय नागरिकों को भी जोड़े जाने की योजना है। इसके साथ ही विशेष अवसरों पर जागरूकता और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेवा संकल्प अभियान के जरिए प्रशासन और नगर निगम का फोकस जनभागीदारी बढ़ाने के साथ शहर में स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और विकास कार्यों को लेकर जागरूकता पैदा करने पर है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *