बरेली। बरेली जंक्शन पर स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान की शुरुआत की गई। मुरादाबाद रेल मंडल की मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों के साथ इनर व्हील क्लब जुपिटर की महिला सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी की। अभियान के दौरान DRM विनीता श्रीवास्तव ने स्वयं सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने बरेली जंक्शन का निरीक्षण करते हुए स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
फूड स्टॉल और भोजनालय समेत अन्य स्थानों का भी निरीक्षण किया गया। कार्यक्रम के दौरान 100 लोगों को स्वच्छता किट वितरित की गईं। इनर व्हील क्लब जुपिटर की टीम ने प्लेटफॉर्म और उसके आसपास के हिस्सों में सफाई अभियान चलाया। क्लब की ओर से अभियान में कई पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।
रेलवे और सामाजिक संस्था की संयुक्त भागीदारी से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य स्टेशन परिसर में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाना और यात्रियों को स्वच्छता के लिए प्रेरित करना रहा। गौरतलब है कि स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत देशभर में सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है।
