Analogue Paneer News 2026: भारत में इन दिनों एनालॉग पनीर (Analogue Paneer) को लेकर बड़ी बहस छिड़ी हुई है। कई राज्यों ने इसकी बिक्री पर सख्ती शुरू कर दी है और खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है।हाल ही में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में एनालॉग पनीर को लेकर कार्रवाई की गई है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एनालॉग पनीर क्या होता है और इसे असली पनीर से कैसे पहचाना जाए? अगर आप भी बाजार से पनीर खरीदते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है।
क्या होता है एनालॉग पनीर?
एनालॉग पनीर दिखने में बिल्कुल असली पनीर जैसा लगता है, लेकिन इसे पारंपरिक तरीके से दूध फाड़कर नहीं बनाया जाता। इसके निर्माण में अक्सर पाम ऑयल, वनस्पति तेल, स्टार्च, सोया प्रोटीन, मिल्क पाउडर और अन्य प्रोसेस्ड सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है।
यही वजह है कि इसकी लागत असली पनीर की तुलना में काफी कम होती है। विशेषज्ञों के अनुसार, कई जगहों पर इसे बिना सही लेबलिंग के असली पनीर के नाम पर बेचा जाता है, जिससे उपभोक्ताओं को भ्रमित किया जाता है।
ऐसे करें असली और नकली पनीर की पहचान
- असली पनीर में दूध की प्राकृतिक खुशबू और हल्का स्वाद होता है। जबकि एनालॉग पनीर में कभी-कभी तेल जैसा या हल्का कड़वापन महसूस हो सकता है।
- पनीर मुलायम और हल्का दानेदार होता है। दूसरी ओर एनालॉग पनीर अधिक रबड़ जैसा और लचीला महसूस हो सकता है।
- पनीर को गर्म पानी में डालकर देखें। असली पनीर नरम रहेगा, जबकि नकली या एनालॉग पनीर कई बार रबड़ जैसा महसूस होने लगता है या तेल छोड़ सकता है।
- उंगलियों से दबाकर देखें असली पनीर दबाने पर हल्का टूटता या बिखरता है। यदि पनीर अत्यधिक लचीला होकर फिर से अपने आकार में लौट आए, तो वह एनालॉग पनीर हो सकता है।
क्यों बढ़ रही है चिंता?
हाल के दिनों में कई राज्यों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एनालॉग पनीर के खिलाफ कार्रवाई की है। कुछ राज्यों ने इसके उत्पादन और बिक्री पर प्रतिबंध भी लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को सही जानकारी और उचित लेबलिंग मिलना जरूरी है ताकि वे जान सकें कि वे क्या खरीद रहे हैं।
पनीर भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है, लेकिन बाजार में बढ़ते मिलावट और एनालॉग उत्पादों के कारण सावधानी बरतना जरूरी हो गया है। हमेशा विश्वसनीय दुकानों से पनीर खरीदें, पैकेजिंग पर जानकारी पढ़ें और ऊपर बताए गए आसान तरीकों से उसकी जांच करें।

जरूरी खबरों और आपके शहर की ताजा अपडेट के लिए हमारे पेज से जुड़े रहें और हर खबर सबसे पहले पाने के लिए हमें फॉलो करें।

