बरेली। सावन के तीसरे सोमवार को बरेली में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जलाभिषेक के लिए शहर के नाथ मंदिरों में पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का प्रशासन की ओर से विशेष अंदाज में स्वागत किया गया। हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्गों और नाथ मंदिरों के ऊपर पुष्पवर्षा की गई।
आसमान से फूल बरसते देख शिवभक्तों में उत्साह की लहर दौड़ गई और पूरा माहौल हर-हर महादेव तथा बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। सातों नाथ मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ सोमवार सुबह से ही बरेली के प्रमुख नाथ मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थीं।
हरिद्वार और कछला समेत अलग-अलग स्थानों से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। प्रशासन के अनुसार करीब 20 हजार कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान लगभग सात क्विंटल फूलों का इस्तेमाल किया गया। कांवड़ियों पर फूल बरसते ही श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर अपनी खुशी जाहिर की।
मंदिर परिसरों और कांवड़ मार्गों पर सुबह से ही धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। कांवड़ियों के जत्थों से सड़कों पर दिखा आस्था का सैलाब रविवार से ही कांवड़ियों के जत्थों का बरेली पहुंचना शुरू हो गया था। देर रात तक अलग-अलग मार्गों से शिवभक्त शहर में पहुंचते रहे।
बदायूं रोड, लाल फाटक रोड और रामपुर रोड समेत कई प्रमुख रास्तों पर कांवड़ियों की भारी भीड़ दिखाई दी। इस बार कांवड़ यात्रा में बड़े कलश वाली कांवड़ भी आकर्षण का केंद्र रही। कई शिवभक्त कंधों पर 50, 100 और 125 लीटर तक पानी वाले कलश लेकर यात्रा करते नजर आए। कई जत्थे भगवान शिव और धार्मिक प्रसंगों से जुड़ी आकर्षक झांकियों के साथ भी पहुंचे।
जगह-जगह शिवभक्तों का स्वागत कांवड़ियों की सेवा के लिए रामगंगा क्षेत्र के आसपास कई शिविर और पंडाल लगाए गए। रास्तों में स्थानीय लोगों और सेवा समितियों की ओर से भी शिवभक्तों का स्वागत किया गया।

प्रशासन और पुलिस की ओर से कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखी गई। भारी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिसकर्मी अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहे।

