बरेली: पीलीभीत बाइपास रोड पर गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय बाइक को करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए दौड़ाया। घिसटती बाइक से निकल रही चिंगारियां दूर तक दिखाई देती रहीं, जिसे देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई।
इस घटना का वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और कार चालक की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार और उसके चालक की तलाश तेज कर दी गई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने सड़क सुरक्षा और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

