बरेली। 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बरेली पुलिस ने बेहतर कार्य और उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का सम्मान किया। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में SSP अनुराग आर्य ने पुलिसकर्मियों को पदक, सम्मान चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज फहराने के साथ हुई। ध्वजारोहण के बाद पुलिसकर्मियों ने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद उपस्थित पुलिसकर्मियों को देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान
समारोह के दौरान पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति पदक प्राप्त करने वाले पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार राना, सहायक रेडियो अधिकारी (सेवानिवृत्त) प्रदीप कुमार और उपनिरीक्षक श्याम सिंह को भी सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा सराहनीय कार्य के लिए प्रभारी निरीक्षक एटीसी हारून खां, थाना बारादरी के प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह, महिला मुख्य आरक्षी अनीता देवी, वाचक अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अर्जुन सिंह और फायरमैन अजयपाल सिंह को सम्मान चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र दिए गए।
DGP प्रशंसा चिह्न से पुलिसकर्मी सम्मानित
पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए निरीक्षक संजय कुमार को स्वर्ण पदक, निरीक्षक सुनील कुमार शर्मा को रजत पदक और मुख्य आरक्षी राहुल कुमार को रजत पदक प्रदान किया गया। वहीं, यूपी-112 की ओर से बेहतर रिस्पॉन्स टाइम और प्रभावी कार्य के लिए मिले प्रशस्ति पत्र भी 11 पुलिसकर्मियों को दिए गए। सम्मानित होने वालों में हेड कांस्टेबल नफीस अहमद, महिला हेड कांस्टेबल मीना कुमारी, महिला हेड कांस्टेबल अदिति शर्मा, हेड कांस्टेबल आकाश शर्मा, हेड कांस्टेबल मोहम्मद उमर, कांस्टेबल मोहित कुमार, कांस्टेबल गौरव, कांस्टेबल चालक दीपक पाल, होमगार्ड अब्दुल गफ्फार, होमगार्ड वेदप्रकाश और होमगार्ड अजयपाल शामिल रहे।
सहयोगी नागरिकों को भी प्रशस्ति पत्र
कार्यक्रम में पुलिस के साथ मिलकर जनहित के कार्यों और विभिन्न आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने वाले नागरिकों को भी सम्मानित किया गया। पुलिस की ओर से ऐसे नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके सहयोग के लिए आभार जताया गया। अधिकारियों ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के लिए पुलिस तथा आम जनता के बीच आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। नागरिकों के सहयोग से पुलिस को कई मौकों पर व्यवस्था संभालने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
पुलिस मॉडर्न स्कूल में भी हुआ ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस मॉडर्न स्कूल में भी तिरंगा फहराया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया। स्वतंत्रता दिवस के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बरेली पुलिस के इस सम्मान समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं को पहचान मिलने के साथ पुलिसकर्मियों का मनोबल भी बढ़ा। सम्मानित कर्मचारियों ने भविष्य में भी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने का संकल्प लिया।

