बरेली। जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमण का एक और मामला सामने आया है। गुरुवार को 75 वर्षीय महिला की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने महिला की स्थिति और उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन के मुताबिक रूहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर निवासी महिला की तबीयत पिछले कई दिनों से खराब थी। परिजनों ने इलाज के लिए उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां एहतियातन जांच कराई गई, जिसमें महिला की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू के 34 मामले
रिपोर्ट सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज की स्थिति पर नजर रख रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 34 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से एक मरीज की मौत भी हुई है। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
बुखार और सांस संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज न करें
डॉ. प्रशांत रंजन ने बदलते मौसम में सांस संबंधी संक्रमण को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठाने की अपील की है। खासकर बुजुर्गों और पहले से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी वाले लोगों को लक्षण दिखने पर समय पर डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

