Bareilly News : बरेली में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, जिलाधिकारी ने लोगों से जुड़ने की अपील की

Surbhi Saxena
3 Min Read
बरेली में हर घर तिरंगा अभियान
Har Ghar Tiranga Campaign 2026 Bareill

Bareilly News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने बरेली में नौ अगस्त से सत्रह अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का आयोजन करने का फैसला किया है। इस साल यह अभियान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष को समर्पित है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने घरों पर तिरंगा फहराएं।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अपील

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि इस अभियान का मकसद लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। इसके लिए जिले में कई देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे। स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के महत्व और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से परिचित कराने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित सभी सरकारी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा। जिला प्रशासन का मानना है कि इससे नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत किया जा सकेगा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापारिक संगठनों, औद्योगिक इकाइयों और सामाजिक संस्थाओं से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वे अपने घरों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और भारतीय ध्वज संहिता का पालन करें।

डिजिटल माध्यम से अभियान का हिस्सा बन सकें

इस अभियान को डिजिटल माध्यम से भी जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी की गई है। लोग ‘सेल्फी विद तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ के वीडियो एवं फोटो अभियान के आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। स्कूलों और कॉलेजों में विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे, ताकि छात्र-छात्राएं इस अभियान का हिस्सा बन सकें और सोशल मीडिया के माध्यम से देशभक्ति का संदेश फैला सकें।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि वे अपने घरों, दुकानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *