हॉकी विश्व कप 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी विश्व कप 2026 का अहम मुकाबला आज, 19 अगस्त को खेला जाएगा। दोनों टीमें नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन स्थित वागेनर स्टेडियम में पूल-डी के मुकाबले में आमने-सामने होंगी। मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा। भारत के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है। इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मैच में टीम को 2-4 से हार मिली थी।
अब पाकिस्तान के खिलाफ नतीजा भारत की अगले दौर में पहुंचने की स्थिति पर असर डालेगा। वहीं पाकिस्तान के लिए मुकाबला और भी अहम है, क्योंकि उसे अपनी विश्व कप उम्मीदें बनाए रखने के लिए जीत की जरूरत है।
16 साल बाद विश्व कप में भिड़ेंगे दोनों भारत और पाकिस्तान
आखिरी बार हॉकी विश्व कप में 2010 में आमने-सामने आए थे। नई दिल्ली में खेले गए उस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था। यानी 2026 में दोनों टीमें 16 साल बाद विश्व कप में एक-दूसरे के खिलाफ उतरेंगी। हालिया मुकाबलों में भी भारत का पलड़ा भारी रहा है। जून 2026 में एफआईएच प्रो लीग के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7-1 से हराया था।
भारत-पाकिस्तान टीमों के हैंडशेक पर भी नजर
भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले खिलाड़ियों के हैंडशेक को लेकर भी चर्चा है। हॉकी में दोनों टीमों के बीच खेल भावना के तहत हैंडशेक की परंपरा रही है और जून में प्रो लीग के मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाया था। हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों को हैंडशेक से रोकने संबंधी कोई निर्देश जारी नहीं किया है। अब सभी की नजर इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर है, जहां भारत की कोशिश जीत के साथ विश्व कप के अगले चरण में अपनी जगह मजबूत करने की होगी।


