इंडिगो की उड़ानें आज से महंगी, फ्यूल चार्ज में बड़ा इजाफा; घरेलू में ₹1,300 और इंटरनेशनल में ₹10,000 तक चार्ज

Surbhi Saxena
3 Min Read
WhatsApp Image 2026 10 05 at 18.09.21

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में हवाई सफर करने वाले यात्रियों को एक और झटका लगने वाला है। देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ की बढ़ती कीमतों के चलते घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज बढ़ाने का फैसला किया है। नए शुल्क 6 अक्टूबर 2026 से की जाने वाली नई बुकिंग पर लागू होंगे।

एयरलाइन के मुताबिक हाल के दिनों में विमान ईंधन की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है। अक्टूबर की शुरुआत में घरेलू एटीएफ के दाम करीब 13.2 प्रतिशत बढ़े हैं। इंडिगो का कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन लागत का सीधा असर एयरलाइन के संचालन खर्च पर पड़ रहा है।

घरेलू उड़ानों में दूरी के हिसाब से लगेगा चार्ज

इंडिगो ने घरेलू उड़ानों के लिए फ्यूल चार्ज को यात्रा की दूरी के आधार पर तय किया है। अब 500 किलोमीटर तक की यात्रा पर ₹375, 501 से 1,000 किलोमीटर तक ₹600, 1,001 से 1,500 किलोमीटर तक ₹900 और 1,501 से 2,000 किलोमीटर तक की उड़ान पर ₹1,150 का फ्यूल चार्ज लगेगा। वहीं 2,000 किलोमीटर से अधिक दूरी वाली घरेलू उड़ानों के लिए यात्रियों को ₹1,300 प्रति सेक्टर तक फ्यूल चार्ज देना होगा।

इंटरनेशनल फ्लाइट में ₹10 हजार तक अतिरिक्त बोझ

अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए भी फ्यूल चार्ज बढ़ाया गया है। नए शुल्क के अनुसार SAARC क्षेत्र की छोटी दूरी वाली उड़ानों पर ₹1,000 और लंबी दूरी पर ₹3,000 चार्ज होगा। दक्षिण-पूर्व एशिया, GCC, मिडिल ईस्ट तथा उत्तर और पूर्वी एशिया की उड़ानों पर ₹5,500 का शुल्क निर्धारित किया गया है। अफ्रीका जाने वाली उड़ानों पर ₹6,000 और यूरोप की उड़ानों पर सबसे ज्यादा ₹10,000 प्रति सेक्टर फ्यूल चार्ज लगेगा।

एटीएफ की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी

विमान ईंधन की कीमतों में पिछले कुछ महीनों से लगातार दबाव बना हुआ है। अक्टूबर में एटीएफ की कीमत में करीब 13.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इससे पहले अगस्त और सितंबर में भी इसमें वृद्धि दर्ज की गई थी। यानी एटीएफ की कीमतों में यह लगातार तीसरी मासिक बढ़ोतरी है। इंडिगो ने कहा है कि मौजूदा फ्यूल चार्ज ईंधन लागत में हुई पूरी वृद्धि की भरपाई नहीं करता है।

एयरलाइन ने यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ को सीमित रखने के लिए अपेक्षाकृत नियंत्रित बढ़ोतरी करने की बात कही है। इस बदलाव का असर खासतौर पर लंबी दूरी की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकट पर दिखाई देगा। त्योहारी मौसम में यात्रा की मांग बढ़ने के बीच यात्रियों को अब फ्लाइट टिकट बुक करते समय अतिरिक्त फ्यूल चार्ज का भी ध्यान रखना होगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *