रविवार को खुले सरकारी बैंक, आज कैश-चेक समेत जरूरी काम निपटाने का मौका; कल से 3 दिन बैंक हड़ताल

Surbhi Saxena
3 Min Read
WhatsApp Image 2026 09 27 at 15.43.28

UP NEWS: आमतौर पर रविवार को बैंक बंद रहते हैं, लेकिन इस बार 27 सितंबर 2026, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) खुले हैं। बैंक ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है, क्योंकि इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। 

रविवार को बैंक खुले होने के कारण कई जगह ग्राहक सुबह से ही शाखाओं में पहुंच रहे हैं। लोग कैश जमा करने, चेक जमा करने और अन्य जरूरी बैंकिंग काम निपटा रहे हैं। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय रिजर्व बैंक ने 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को संचालित रखने की मंजूरी दी है।

तीन दिन की बैंक हड़ताल का असर

बैंक कर्मचारियों के संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। ऐसे में सोमवार से बुधवार तक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की संभावना है।  हड़ताल के दौरान शाखा से जुड़े काम, जैसे कैश हैंडलिंग, चेक क्लियरेंस और कुछ अन्य काउंटर सेवाएं, प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की स्थिति अलग हो सकती है और जरूरी सेवाएं उपलब्ध रहने की संभावना है। 

क्यों खोले गए रविवार को बैंक?

27 सितंबर को भी बैंक बंद रहते तो 26 सितंबर के चौथे शनिवार और उसके बाद 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं की सेवाएं लगातार कई दिनों तक प्रभावित होतीं। इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और RRB को रविवार को सामान्य रूप से काम करने की व्यवस्था की है। 

हालांकि, सभी निजी बैंक रविवार को खुले हों, यह जरूरी नहीं है। ग्राहकों को अपने संबंधित बैंक और शाखा की स्थिति पहले जांच लेने की सलाह दी जाती है।  ऐसे में जिन ग्राहकों को बैंक शाखा जाकर जरूरी काम करना है, उनके लिए आज का दिन महत्वपूर्ण है। खासकर कैश जमा, चेक और दस्तावेज से जुड़े जरूरी काम हड़ताल शुरू होने से पहले निपटाए जा सकते हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *