बरेली से अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज की सीधी बस सेवा बंद, यात्रियों को झटका

Surbhi Saxena
3 Min Read
WhatsApp Image 2026 09 27 at 13.19.20

बरेली। धार्मिक और प्रमुख शहरों के लिए बरेली से संचालित की जा रही सीधी बस सेवाओं को फिलहाल बंद कर दिया गया है। इनमें अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज जाने वाली बस सेवाएं शामिल हैं।  इन बसों का संचालन धार्मिक आयोजनों और बढ़ी हुई यात्रियों की संख्या को देखते हुए शुरू किया गया था, लेकिन अब यात्रियों की संख्या कम होने के कारण इन सेवाओं को बंद किए जाने की बात सामने आई है।

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मिली थी सेवा

अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। इसके बाद जनवरी 2025 में प्रयागराज महाकुंभ के दौरान बरेली से वाया लखनऊ और वाया कानपुर होकर प्रयागराज के लिए बस सेवा शुरू की गई थी। इससे पहले बरेली से वाराणसी के बीच भी सीधी रोडवेज बस सेवा का प्रचार-प्रसार किया गया था। इन सेवाओं का उद्देश्य बरेली मंडल के यात्रियों को धार्मिक और प्रमुख शहरों तक सीधे पहुंच उपलब्ध कराना था, ताकि यात्रियों को बीच रास्ते में बस बदलने की परेशानी न हो।

हालांकि, मौजूदा समय में इन तीनों रूटों पर बस सेवा बंद होने से यात्रियों को दूसरे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ेगा। अधिकारियों के अनुसार, इन रूटों पर यात्रियों की संख्या में कमी इसका प्रमुख कारण बताई जा रही है। यात्रियों की संख्या बढ़ने की स्थिति में बस सेवा को दोबारा शुरू किए जाने की संभावना भी जताई गई है।

बरेली होकर विशेष ट्रेनों की समय सारणी जारी

रेलवे ने त्योहारों और यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए बरेली होकर चलने वाली कुछ विशेष ट्रेनों की समय सारणी भी जारी की है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नियमित ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में यात्रियों को इन विशेष ट्रेनों का विकल्प मिल सकेगा।  जानकारी के मुताबिक 05005 बढ़नी-जालंधर विशेष ट्रेन 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन बढ़नी से दोपहर बाद रवाना होकर बरेली पहुंचेगी और अगले दिन सुबह जालंधर पहुंचेगी। वहीं 05006 जालंधर-बढ़नी विशेष ट्रेन 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी। इसके अलावा 05001 गोरखपुर-शुकर बस्ती विशेष ट्रेन भी निर्धारित अवधि में चलेगी।

इन ट्रेनों का संचालन अलग-अलग दिनों और समय के अनुसार किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। दूसरी ओर, बस सेवाओं के बंद होने से अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को अब ट्रेन या अन्य उपलब्ध परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *