बरेली में सरस मेले का आगाज, सांसद छत्रपाल गंगवार ने किया उद्घाटन; लखपति दीदियों को करोड़पति बनाने पर जोर

Surbhi Saxena
3 Min Read
WhatsApp Image 2026 10 09 at 17.52.51

बरेली। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को बरेली कलेक्ट्रेट परिसर में सरस मेले का आयोजन किया गया। सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। मेले में जिले के विभिन्न विकासखंडों के स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए।

इसका उद्देश्य महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध कराना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। यह आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है।

अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और विकसित भारत-2047 के संकल्प से नागरिकों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों की पहचान बढ़ाने और उनकी बिक्री के अवसर प्राप्त करने का मंच मिला।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को लखपति दीदी योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समूहों को मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग अपने काम को विस्तार देने और आमदनी बढ़ाने में किया जाए।

साथ ही, लखपति दीदी क्लब में शामिल महिलाएं अपनी आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाकर करोड़पति दीदी बनने का लक्ष्य रखें।

WhatsApp Image 2026 10 09 at 17.52.51 (1)

कई स्वयं सहायता समूहों ने लगाए स्टॉल

सरस मेले में जिले के सभी विकासखंडों के स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया। इनमें हनी, भोले, मीना, वैष्णो, गंगा, नूर और भगत सिंह स्वयं सहायता समूह प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन समूहों की महिलाओं ने बताया कि वे लखपति दीदी क्लब में शामिल हैं और अब करोड़पति दीदी क्लब में जगह बनाने के लिए प्रयास कर रही हैं।

नियमित आयोजन से मिलेगा महिलाओं को लाभ

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस मेले का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना, महिलाओं को विपणन के अवसर उपलब्ध कराना और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। सरस मेले के नियमित आयोजन के निर्देश भी दिए गए।

मेले के आयोजन में उपायुक्त स्वतः रोजगार वाई.एल. भारती, जिला मिशन प्रबंधन, ब्लॉक मिशन प्रबंधकों और सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) का विशेष सहयोग रहा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *