बरेली में 13 अक्टूबर को आ सकते हैं सीएम योगी, मंडल के 4 हजार ग्राम प्रहरियों को करेंगे सम्मानित

Surbhi Saxena
3 Min Read
WhatsApp Image 2026 08 09 at 19.12.25

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 13 अक्टूबर को बरेली दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वह मंडल के करीब चार हजार ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) को सम्मानित कर सकते हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की एक जनसभा भी प्रस्तावित है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

कार्यक्रम स्थल का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने शुक्रवार को कई स्थानों का निरीक्षण कर कार्यक्रम के लिए उपयुक्त मैदानों का जायजा लिया। इनमें पुलिस लाइन, बरेली क्लब, मिशन कंपाउंड और बरेली कॉलेज के मैदान शामिल हैं।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री पहले ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए पुलिस लाइन या बरेली क्लब में आयोजन किए जाने की संभावना है। कार्यक्रम स्थल का अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री के आगमन के तरीके और प्रशासनिक तैयारियों के आधार पर लिया जा सकता है।

चार जिलों के ग्राम प्रहरियों को किया जा सकता है सम्मानित

सम्मान समारोह में बरेली के साथ बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत के ग्राम प्रहरियों को भी शामिल किए जाने की योजना है। इसके बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में स्थानीय पदाधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। यहां से वह जनसभा में पहुंचकर लोगों को संबोधित कर सकते हैं।

शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी के समर्थन में होगी जनसभा

मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा बरेली-मुरादाबाद खंड के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में आयोजित जनसभा से भी जुड़ा है। इसे लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियों पर चर्चा की है। भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष पूरनलाल लोधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी के जिला और महानगर स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए।

एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार, मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया गया है। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर अभी आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।

फिलहाल मुख्यमंत्री का बरेली दौरा प्रस्तावित है। कार्यक्रम स्थल, समय और अन्य व्यवस्थाओं की अंतिम जानकारी आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *