संसद के मानसून सत्र में मंगलवार को NDA और कांग्रेस सांसदों के बीच जोरदार टकराव देखने को मिला। संसद परिसर में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन किया। NDA सांसदों ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने और चर्चा से भागने का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी और BJP सांसद मुकेश दलाल भी आमने-सामने आ गए। प्रियंका के संसद पहुंचते ही बीजेपी सांसद राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाने लगे। इसी दौरान मुकेश दलाल ने सवाल किया कि राहुल गांधी झारखंड में छात्र प्रदर्शनकारियों से मिलने क्यों नहीं गए.
प्रियंका गांधी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि राहुल झारखंड जा चुके हैं और छात्रों से मुलाकात भी कर चुके हैं।उधर लोकसभा और राज्यसभा में भी हंगामा जारी रहा। लगातार विरोध के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
विपक्ष 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री के जवाब की मांग कर रहा है। सरकार का कहना है कि अमित शाह चर्चा के लिए तैयार हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि मुद्दा सिर्फ गृह मंत्री की राय सुनना नहीं, बल्कि यह जानना है कि छात्रों पर कार्रवाई और गोलीबारी का आदेश किसने दिया। मानसून सत्र अब 13 अगस्त को समाप्त होना है।

