बरेली में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा ! 73 वर्षीय महिला की गई जान, दो नए मरीज मिले

Surbhi Saxena
2 Min Read
WhatsApp Image 2026 09 02 at 10.18.31

बरेली। स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच बदायूं की 73 वर्षीय महिला की बरेली के एक निजी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला को तबीयत बिगड़ने के बाद अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज से बरेली रेफर किया गया था। जांच में महिला की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, महिला की तबीयत 13 अगस्त को बिगड़ी थी। इसके बाद उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर 27 अगस्त को बरेली में भर्ती कराया गया, जहां अगले दिन उनकी मौत हो गई। महिला की स्वाइन फ्लू जांच रिपोर्ट 31 अगस्त को पॉजिटिव आई।

स्वाइन फ्लू के साथ ही अन्य बीमारियां 

स्वास्थ्य विभाग महिला की मौत का कारण सीधे तौर पर स्वाइन फ्लू को नहीं मान रहा है। बरेली के एक मेडिकल कॉलेज के सीएमओ डॉ. विकास शर्मा के अनुसार, महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी, लेकिन मौत के पीछे सेप्टिक शॉक, एनीमिया और निमोनिया समेत कई अन्य बीमारियां भी थीं।

स्वाइन फ्लू के दो नए मरीजों का इलाज जारी

जिले में स्वाइन फ्लू के दो नए मरीज भी सामने आए हैं। इन मरीजों का बरेली में उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बदायूं, बिसौली, आसफपुर, सहसवान और आवास विकास तथा माल गोदाम क्षेत्र से स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को देखते हुए मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के साथ निगरानी बढ़ा दी है। विभाग की ओर से लोगों से सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है। ।

लक्षण दिखने पर तुरंत लें चिकित्सक सलाह

स्वाइन फ्लू एक वायरल संक्रमण है। इसमें बुखार, खांसी, गले में खराश और थकान आदि लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों में किसी प्रकार के लक्षण दिखने पर नजरअंदाज न करें। स्वास्थ्य सम्बन्धी परेशानी होने पर डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *